एशिया की सबसे लंबी पैदल राजजात यात्रा को आखिरकार रद्द ही कर दिया गया। दैवीय आपदा के बाद उपजे हालात को देखते हुए 29 अगस्त से शुरू होने वाली राजजात यात्रा अंततः स्थगित कर दी गई। कुछ ही दिनों के अंतराल में राजजात यात्रा का नया कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा। फिलहाल यह तय किया गया है कि 26 अगस्त को उन सभी स्थानों पर विशेष पूजा की जाएगी, जहां से राजजात में छंतोलियां यानि देवी के छत्र शामिल होने के लिए आते हैं। उत्तराखंड में आई विनाशकारी प्राकृतिक आपदा, सरकार के अनुरोध और अपने परंपरागत अधिकारों व उत्तरदायित्वों का प्रयोग करते हुए नंदा देवी राजजात समिति ने यात्रा स्थगित की है। 12 साल में एक बार होने वाली राजजात यात्रा 2013 इसी महीने की 29 तारीख को चमोली जिले के नौटी गांव से शुरू होनी थी, लेकिन आपदा के कारण यात्रा मार्ग बर्बाद होने तथा अन्य समस्याओं की वजह से यात्रा को लेकर संशय बना हुआ था।...
Read More